Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन! पुलिस ने किया लाठीचार्ज


बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा शुक्रवार को पटना की सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और सरकार व BPSC के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से TRE-4 भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के कारण हजारों उम्मीदवारों की उम्र सीमा समाप्त हो जाएगी, इसी वजह से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा, 'हमारी बात छात्रों तक पहुंचाइये, हम विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठेंगे, समीक्षा भी करेंगे और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेंगे। आप लोगों के माध्यम से उन तक ये संदेश देना चाहता हूं कि हर बात में आंदोलन के लिए उतारू ना हों, हम सबको मिलकर बिहार को आगे बढ़ाना है। संवाद से हम विवाद का हल निकालेंगे, एक बार सबके साथ बैठेंगे, बात करेंगे। सरकार उन्होंने ही बनायी है, सरकार उनकी ही है। हर समस्या का समाधान होगा और आज होगा, हम कल पर डालने वाले व्यक्ति नहीं है।'

बता दें कि इससे पहले अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर #Release_TRE4_Notification अभियान चलाकर सरकार और बीपीएससी तक अपनी मांग पहुंचाने की कोशिश की थी। दरअसल, शिक्षा विभाग ने पहले कहा था कि TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन 19-20 अप्रैल तक जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि तय तारीखें बीत जाने के बाद भी भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी और बढ़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, इस बार TRE-4 के तहत 46 हजार 882 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। लाखों अभ्यर्थी पिछले 2 सालों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि BPSC कैलेंडर के मुताबिक TRE-4 परीक्षा 24 अगस्त 2024 को होनी थी और इसका रिजल्ट 24 सितंबर 2024 तक जारी किया जाना था, लेकिन अब तक भर्ती का विज्ञापन तक जारी नहीं हुआ है। BPSC ने फरवरी के दूसरे हफ्ते में नोटिस जारी कर कहा था कि अधियाचना मिल चुकी है और जल्द ही TRE-4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |