पिताजी ने 20 सालों में जो भी किया उसे आगे बढ़ाऊंगा-निशांत कुमार
May 08, 2026
बिहार में गुरुवार को सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार किया गया। पटना के गांधी मैदान में हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत एनडीए के तमाम नेता मौजूद थे। इस दौरान 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है। जिन नेताओं ने मंत्री पज की शपथ ली उनमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम भी शामिल है। शपथ लेने के बाद सभी मंत्रियों को उनके विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। निशांत कुमार को सम्राट चौधरी की सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय का प्रभार मिला है। अब स्वास्थ्य मंत्री का पद संभालने के बाद निशांत कुमार ने अपना पहला बयान जारी किया है।
बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री का पद संभालने के बाद अपने पहले बयान में निशांत कुमार ने कहा- "सम्राट जी ने जो मुझे जिम्मेदारी दी है, ईमानदारी से उसे निभाने की कोशिश करूंगा। पिताजी (नीतीश कुमार) ने 20 सालों में जो कुछ भी किया स्वास्थ्य समेत सभी विभागों में उसे आगे बढ़ाऊंगा।ष मेरी कोशिश होगी कि एक ईमानदारी और सच्चाई से अपना काम करूं और जनता की सेवा करूं।"
सोशल मीडिया पर जारी किए गए अपने एक पोस्ट में निशांत ने कहा- "आज बिहार सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मैं जद(यू) प्रदेश कार्यालय पहुंचा। भारी संख्या में प्यारे कार्यकर्ता भाइयों और बहनों के अलावा माननीय सांसदों,विधायकों तथा पार्टी पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया।सभी का मेरे प्रति प्यार ही मेरी ताकत है। मैंने भी सभी का दिल से अभिवादन किया। आनेवाले दिनों में बिहार को सबसे विकसित राज्य बनाने के मिशन पर लगना है। सभी के सपनों को पूरा करना है। पिताजी के दिखाए रास्ते पर चलकर अपने बिहार को सुंदर और समृद्ध बनाना है।"
