घर से मिले 4 हजार से अधिक तलवारें और खंजर, हथियारों का जखीरा देख पुलिस भी रह गई दंग
May 08, 2026
महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के घातक हथियारों का जखीरा बरामद किया है। शहर के वजीराबाद इलाके के रामदास नगर स्थित एक घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस को तलवार, खंजर और दूसरे धारदार हथियारों का ऐसा ढेर मिला, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ रूरल पुलिस स्टेशन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। छापे के दौरान घर से करीब 4796 धारदार हथियार बरामद किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में तलवारें, कोयता, खंजर शामिल हैं।
जब्त हथियारों की कुल कीमत लगभग 43 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 50 वर्षीय आरोपी Jaswant Singh Prakash Singh Sukhmani को गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी यह हथियार बिक्री के उद्देश्य से लेकर आया था और इन्हें अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में हथियार जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर हथियार कहां से लाए गए थे। इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
