बलिया। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग, बलिया द्वारा श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वन विहार परिसर स्थित बैठक कक्ष में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी के निर्देशन में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जनपद की विभिन्न रेंजों से आए करीब 100 दैनिक श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों की विस्तृत जांच कर उन्हें रोग के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए सभी श्रमिकों को ओआरएस के पैकेट भी उपलब्ध कराए गए, ताकि वे लू और डिहाइड्रेशन से सुरक्षित रह सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं डॉ. अभिषेक मिश्रा स्वयं उपस्थित रहे और उनके निर्देशन में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी। विशेष रूप से गर्मी और लू से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनपद की सभी रेंजों में मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में गोष्ठी एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों को आगामी वृक्षारोपण अभियान-2026 के प्रति संवेदनशील बनाया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रमिकों को फल, मिठाई, चना, गुड एवं गमछा वितरित कर उनका सम्मान किया गया।
पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रभागीय वनाधिकारी एवं क्षेत्रीय वन अधिकारियों का योगदान सराहनीय रहा।
