रामपुर। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में रामपुर पुलिस ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। शासन स्तर पर जारी माह अप्रैल 2026 की आईजीआरएस मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में जनपद रामपुर ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा नोडल अधिकारी आईजीआरएस अनुराग सिंह के नेतृत्व में जनशिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया लगातार प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है। खास बात यह है कि रामपुर जनपद जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 में भी प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था।
पुलिस विभाग के अनुसार जनपद में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। विभिन्न माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों को संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से सुनकर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की गई।
शिकायत निस्तारण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि भविष्य में सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके। रामपुर के प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने आईजीआरएस शाखा में तैनात कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
.jpg)