शाहबाद। नगर के कुछ मोहल्लों में इन दिनों “आत्मा” दिखाई देने की चर्चाओं ने लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है। सोशल मीडिया पर कई डरावनी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें कुछ लोग “चुड़ैल” या “आत्मा” का फोटो बताकर साझा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय अंधेरे में किसी सफेद आकृति जैसी चीज को देखने की बातें कही जा रही हैं। इसी के चलते कई मोहल्लों में शाम ढलते ही लोग घरों में सिमटने लगे हैं और गलियों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
हालांकि जागरूक लोग इसे महज अफवाह और अंधविश्वास बता रहे हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के जरिए अनावश्यक भय फैलाया जा रहा है। विज्ञान भी ऐसी बातों को अंधविश्वास मानता है।
कोतवाल प्रदीप कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय वैज्ञानिक युग का है और बिना सत्यता जाने किसी भी भ्रामक सूचना को फैलाना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाकर लोगों में डर पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
