पीलीभीतः टोल प्लाजा पर दबंगई पड़ी भारी, टोलकर्मी का अपहरण कर ले जा रहे पांच आरोपी गिरफ्तार! वीआईपी लेन से वाहन निकालने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने पीछा कर कर्मचारी को सकुशल छुड़ाया
May 15, 2026
पीलीभीत। जनपद के बीसलपुर क्षेत्र स्थित टिकरी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों के साथ मारपीट और कर्मचारी को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद टोल प्लाजा पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।जानकारी के अनुसार विगत दिवस बुधवार शाम करीब 4रू30 बजे टिकरी टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने थाना बीसलपुर पुलिस को सूचना दी कि कुछ युवक वीआईपी लेन से वाहन निकालने को लेकर टोल कर्मियों से अभद्रता और मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।जांच में सामने आया कि आरोपी रोहित पटेल, राजकमल कश्यप, संतोष गंगवार उर्फ रिंकू, योगेंद्र गंगवार और अंकुर गंगवार ने टोलकर्मी राहुल तोमर के साथ मारपीट की और उसे जबरन स्विफ्ट कार में बैठाकर वहां से फरार हो गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख आरोपी राहुल तोमर को थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम पिपरा के पीछे नहर पटरी के पास उतारकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी पांचों आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस ने पीड़ित को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई।इस मामले में थाना में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

