बाराबंकी। जिले विकास कार्यों को गति देने और जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जहां व्यवस्थाओं में कमी पर नाराजगी जताई, वहीं जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
कंधईपुर गौ आश्रय स्थल पर डीएम ने गौवंशों को गुड़-चना खिलाकर संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया, तो वहीं सनौली में निर्माणाधीन बृहद गौ संरक्षण केंद्र को 15 दिनों में शुरू करने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में साफ-सफाई और शिक्षा व्यवस्था पर सख्ती दिखाते हुए सुधार के आदेश दिए गए।मंडी सफदरगंज में गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने हर किसान की उपज खरीद सुनिश्चित करने को कहा। वहीं शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों को इस माह हर हाल में पूरा कर आमजन और खिलाड़ियों के लिए खोलने के निर्देश दिए।डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस मौके पर उनके साथ सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
