अमेठीः स्कूल पर अवैध संचालन का आरोप, कार्रवाई की मांग
May 08, 2026
अमेठी। विकासखंड भेटुआ के ग्राम पंचायत गुगवाछ स्थित गायत्री मेमोरियल पब्लिक स्कूल को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। विद्यालय पर बिना मान्यता के हाईस्कूल तक कक्षाएं संचालित करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, हाइड्रिल पावर हाउस 220 केवी के सटे परिसर में संचालित विद्यालय को केवल कक्षा 1 से 5 तक की अस्थायी मान्यता प्राप्त है, जबकि विद्यालय में कक्षा 6 से 10 तक लगभग 400 बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इसे बच्चों की सुरक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया जा रहा है। मामले में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी की मिलीभगत से किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में 17 अगस्त 2024 एवं 9 जुलाई 2025 को जनसूचना के तहत जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विद्यालय को जो अस्थायी मान्यता दी गई थी, उसका स्थान अलग दर्शाया गया था, जबकि वर्तमान में विद्यालय दूसरे स्थान पर संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि लगभग 400 बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से संचालित विद्यालय को तत्काल बंद कराया जाए तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
