प्रतापगगढः समर्थन जुटाने के लिए अधिवक्ताओं ने जत्थे के साथ भरी हुंकार, गहमागहमी
May 08, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में शुक्रवार को तहसील तथा दीवानी परिसर में प्रत्याशियों की जोर आजमाईश दिखी। अगले दो दिनों शनिवार व रविवार को अवकाश होने के कारण प्रत्याशियों ने समर्थक साथियों के जत्थे के साथ परिसर में घूम घूम कर समर्थन का माहौल खड़ा करने का भरपूर प्रयास दिन भर जारी रखा। परिसर में दिन भर नारेबाजी के साथ प्रत्याशियों के समर्थकों व छत्रपों को पसीने से तर बतर देखा गया। वहीं चेंबरों व शेडो में बैठको का भी दौर भी सरगर्मी में जारी दिखा। वहीं चुनाव समिति की हुई बैठक में इस बार प्रत्याशियों की अधिक संख्या होने व मतगणना के देर रात तक सम्पन्न होने को लेकर प्रबन्धों की रूपरेखा तय की गयी। समिति की हुई बैठक में इस बार मतदान स्थल के समीप मतगणना को लेकर बैरीकेटिंग कराए जाने पर भी सहमति बनीं। समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने बताया कि मतदान के दिन प्रत्याशियों अथवा अभिकर्ताओं को समिति अधिकृत पहचान पत्र निर्गत करेगी। वहीं समिति की ओर से ग्यारह मई को होने वाले दक्षता भाषण को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक का संचालन समिति के महामंत्री वीरेन्द्र सिंह अगई ने किया। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मिश्र ने मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया को लेकर समिति की रूपरेखा को मंजूरी प्रदान की। बैठक में शिवाकांत उपाध्याय, बेनीलाल शुक्ल, रामलगन यादव, संतोष पाण्डेय व शैलेन्द्र चतुर्वेदी शामिल हुए। तहसील तथा दीवानी परिसर में दो दिनों के अवकाश को देखते हुए देर शाम तक प्रत्याशियों व अधिवक्ताओं की जुटी भीड़ चुनावी माहौल को सरगर्मी में लिए दिखी। वहीं चुनाव को लेकर प्रत्याशियों का सुबह व शाम की बेला में भी साथी अधिवक्ताओं के घर पहुंचकर समर्थन की कवायद तेज हो उठी देखी जा रही है।
.jpg)