बीसलपुर। थाना क्षेत्र में उस समय हडकंप मच गया, जब रजवाहा नहर में नहाने गए दो युवकों की डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला दुबे निवासी 35 वर्षीय आशु गौड और 38 वर्षीय विनीत सिंह मंगलवार को गांव चैसरा के पास स्थित रजवाहा नहर में नहाने के लिए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नहर में उतरे ही थे कि अचानक संतुलन बिगडने से गहरे पानी में चले गए। आशंका जताई जा रही है कि फिसलन या तेज बहाव के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए।कुछ समय बाद जब आसपास के ग्रामीणों ने नहर किनारे दोनों युवकों की बाइक और कपडे पडे देखे तो अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग और जेसीबी मशीन की मदद से सघन तलाश अभियान शुरू किया। करीब 500 मीटर दूर नहर में दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह डूबना ही सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
