मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी और प्रसूति वार्ड समेत अन्य विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया और उनसे मिल रहे उपचार व दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में गंदगी और जर्जर खिड़की-दरवाजों को देख उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए।
चिकित्सकों की कमी पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने खाली पदों पर जल्द भर्ती करने अथवा शासन को डिमांड भेजने की बात कही। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि चिकित्सक और कर्मचारी समय पर उपस्थित रहें और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
