Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः जिले में जनगणना अभियान का शुभारंभ ! डीएम-एसपी ने स्वगणना कर नागरिकों से की सहभागिता की अपील


अमेठी। जनपद में गुरुवार को भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता ने स्वयं ऑनलाइन स्वगणना कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पोर्टल के माध्यम से अपनी-अपनी जानकारी दर्ज कराते हुए अभियान में सहभागिता निभाई। अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना की विस्तृत प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया गया है। पहली बार नागरिकों को “स्वगणना” की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके अंतर्गत लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना का प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” होगा, जो 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिसमें नागरिक स्वयं निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक परिवार तक सही जानकारी पहुंचाएं तथा लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वगणना की प्रक्रिया में भागीदारी निभा सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रक्रियाओं में से एक है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने का आधार होते हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्वगणना पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी भरें तथा इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने भी जनगणना को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा। उन्होंने लोगों से जागरूक होकर स्वगणना में भाग लेने की अपील की। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |