Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जामो: डीएम ने गांव पहुंचकर परखी पाइप पेयजल परियोजना की हकीकत


जामो/अमेठी। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में पाइप पेयजल परियोजनाओं का कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है। योजनाओं के क्रियान्वयन एवं धरातलीय स्थिति की वास्तविक जानकारी लेने के लिए जिलाधिकारी संजय चैहान स्वयं गांव पहुंचकर परियोजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी ने विकासखंड जामों अंतर्गत ग्राम रामपुर चैधरी पहुंचकर ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से समीक्षा की तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के दौरान किसी भी गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम से परियोजना के संचालन, जलापूर्ति की समय-सारिणी, ओवरहेड टैंक की साफ-सफाई, पाइपलाइन व्यवस्था तथा रखरखाव संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि पानी की सप्लाई निर्धारित समयानुसार नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए तथा ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी स्वयं गांव में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पानी की उपलब्धता एवं सप्लाई की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने घरों में जाकर नलों की जांच की तथा स्वयं नल खोलकर पानी सप्लाई की सच्चाई परखी। मौके पर नलों से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति होती पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव साझा किए। जिलाधिकारी संजय चैहान ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए केवल सुबह और शाम ही नहीं, बल्कि आवश्यकता अनुसार दोपहर में भी पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पेयजल की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराई जाए तथा ओवरहेड टैंक एवं अन्य संरचनाओं की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि शिकायत प्राप्त होने पर उसका तत्काल निस्तारण किया जाए। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |