Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बंगाल की फालटा सीट पर फिर से होगा मतदान, रिजल्ट की तारीख भी बदली


पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां फालटा विधानसभा क्षेत्र में फिर से सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग की जाएगी. यानी 4 मई को राज्य की फालटा सीट को छोड़कर बाकी सभी 293 सीटों पर चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे. वहीं, फालटा विधानसभा का चुनावी परिणाम अब 24 मई को आएगा. फालटा सीट पर धांधली का भी आरोप लगा था. यहां तक कि ईवीएम पर टेप चिपकाने का दावा भी किया गया था.

चुनाव आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि सभी 285 मतदान केंद्रों समेत सहायक मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराया जाएगा. सभी मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच कराया जाएगा. वोटों की गिनती 24 मई 2026 को होगी. चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई इसलिए की है, क्योंकि इस विधानसभा के मतदान केंद्रों पर गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने के मामले सामने आए थे.

29 अप्रैल को फालटा में वोटिंग चल रही थी. तब फालटा से चौंकाने वाली खबर आई थी. इस विधानसभा सीट पर बीजेपी ने आरोप लगाया था कि कुछ बूथ पर ईवीएम पर बीजेपी के चुनाव चिन्ह कमल छाप को टेप से ढक दिया गया. इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग से अविलंब हस्तक्षेप की मांग की गई थी.

हालांकि, झड़प और गड़बड़ियों की खबर के बाद फालटा विधानसभा सीट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. यहां कुछ बूथ पर झड़प और ईवीएम में टेप लगाने की शिकायत आई थी. तब अर्धसैनिक बलों की पेट्रोलिंग और बूथों की निगरानी को बढ़ा दिया गया था. बीजेपी ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए थे. यहां सीएपीएफ के जवान बूथ का लगातार दौरा कर रहे थे. साथ ही जवान अनाउंसमेंट भी कर रहे थे. इसके अलावा उस समय फालटा में सायरन वाले वाहनों और अतिरिक्त जवानों के मूवमेंट को भी बढ़ा दिया गया था.

इससे पहले शनिवार यानी 2 मई को दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार को दोबारा से वोटिंग हुई. शाम 5 बजे तक 15 बूथों पर औसत मतदान प्रतिशत 86.90 दर्ज किया गया. मगराहाट (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत 86.11 रहा. वहीं, डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर यह आंकड़ा 87.60 प्रतिशत दर्ज किया गया. अंतिम मतदान प्रतिशत का आधिकारिक आंकड़ा शनिवार देर रात या रविवार सुबह जारी किया जा सकता है.

मगराहाट पश्चिम में बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 पर दोबारा से वोट डाले गए. साथ ही डायमंड हार्बर सीट के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 पर भी दोबारा मतदान कराया गया.

इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को रिकॉर्ड मतदान हुआ था. दोनों चरणों में औसत मतदान प्रतिशत 93 फीसदी तक पहुंच गया, जो आजादी के बाद राज्य में सबसे अधिक बताया जा रहा है. देशभर में सबसे ज्यादा मतदान का पिछला रिकॉर्ड त्रिपुरा के नाम है. 2013 विधानसभा चुनाव में 91.82 फीसदी मतदान हुआ था.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |