Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: हजारों लोगों का रास्ता बंद,कॉलोनीवासियों में फूटा आक्रोश! एसडीएम सदर पर भारी पुलिस बल के साथ दीवार खड़ी कराने का आरोप


पीलीभीत। जनपद की राजीव कॉलोनी बरहा में रास्ता बंद किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि गत्ता फैक्ट्री के पास स्थित नलकूप विभाग की पुरानी नाली, जिसे वर्षों से लोग रास्ते के रूप में इस्तेमाल करते आ रहे थे, उसे प्रशासन द्वारा अचानक बंद करा दिया गया है। इससे हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पहले उक्त स्थान पर नलकूप विभाग की नाली थी। समय के साथ जब नलकूप बंद हो गया तो आसपास के लोगों ने उसी रास्ते का उपयोग आना-जाना करने के लिए शुरू कर दिया। वर्षों से यह मार्ग राजीव कॉलोनी बरहा के निवासियों के लिए मुख्य रास्ता बना हुआ था। लोगों का कहना है कि यह कॉलोनी से निकलने का एकमात्र रास्ता था, जिसके सहारे बच्चे स्कूल जाते थे, मरीज अस्पताल पहुंचते थे और रोजमर्रा का आवागमन होता था।

कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि  20 मई  को एसडीएम सदर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रास्ते में दीवार खड़ी करवा दी। अचानक रास्ता बंद होने से पूरे इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए रास्ता बंद करना अन्यायपूर्ण है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन ने जनता की समस्याओं को सुने बिना कठोर कार्रवाई की है। लोगों ने कहा कि यदि रास्ता जल्द नहीं खोला गया तो कॉलोनीवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। कई लोगों ने इसे प्रशासनिक तानाशाही बताते हुए कहा कि गरीब और आम जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और तत्काल रास्ता खुलवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |