Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रजिस्ट्री दफ्तरों में अव्यवस्था देख भड़कीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, निरीक्षण में अधिकारियों की लगाई क्लास


दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार (29 मई) को रोहिणी स्थित अंबेडकर भवन में चल रहे ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में आम लोगों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय VI-ए (मॉडल टाउन, पीतमपुरा) और VI-सी (रोहिणी) का दौरा किया. उन्होंने वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली.

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री को कई जगह अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं. कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी. इसके अलावा टॉयलेट की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, बैठने की सुविधा और आम नागरिकों के लिए जरूरी अन्य इंतजामों में भी कमियां पाई गईं.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इन कमियों के बारे में जानकारी ली और पूछा कि इन्हें दूर करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं. कई व्यवस्थाओं के खराब हालात देखकर उन्होंने नाराजगी भी जताई.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी दफ्तर जनता की सेवा के लिए बनाए जाते हैं. ऐसे में यहां आने वाले लोगों को सम्मानजनक और सुविधाजनक माहौल मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि नागरिकों को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

उन्होंने अधिकारियों को यह भी याद दिलाया कि लोग अपने जरूरी कामों के लिए सरकारी कार्यालयों में आते हैं और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए.

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन सुविधाओं की कमी है, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए और कार्यालयों में व्यवस्था बेहतर बनाई जाए.

मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिए कि यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि जनता से जुड़े दफ्तरों में अव्यवस्था और लापरवाही किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी. दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को सरकारी सेवाएं बिना परेशानी और बेहतर माहौल में मिल सकें.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |