प्रतापगढ़। जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत अब हत्या की आशंका और गवाहों को धमकाने के आरोपों के चलते नया मोड़ लेती नजर आ रही है। एक ही घटना में मृतक की पत्नी, भाई और गांव की महिला द्वारा अलग-अलग तहरीर दिए जाने से मामला और उलझ गया है। परिजनों ने जहां मृतक की पत्नी पर अवैध संबंधों के चलते हत्या कराने का आरोप लगाया है, वहीं गांव की महिलाओं ने घटना से जुड़े लोगों द्वारा धमकी दिए जाने का दावा किया है।
कोहंडौर नगर पंचायत व थाना क्षेत्र के भावापुर निवासी विनोद पुत्र किशोरी लाल(36वर्ष) की 28 अप्रैल की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव गांव के कब्रिस्तान के पास बांस की कोठ के नजदीक पड़ा मिला था। मृतक के नाक और मुंह से खून निकलने की बात सामने आई थी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि विनोद रात करीब नौ बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान उसका शव कब्रिस्तान के पास मिला। पत्नी ने शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
वहीं मृतक के भाई मोहन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतक की पत्नी का चरित्र ठीक नहीं था और उसके अन्य व्यक्तियों से संबंध थे। आरोप है कि घटना वाली रात पिंकी देर रात तक फोन पर बातचीत कर रही थी और उसी ने खोज करने वालों को शव के स्थान की जानकारी दी। मोहन लाल ने आशंका जताई है कि मृतक की पत्नी ने किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर विनोद की हत्या कराई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पहले मृतक की पत्नी पोस्टमार्टम न कराने का दबाव बना रही थी, लेकिन बाद में परिस्थितियां बदलने पर बयान बदल दिया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब गांव की महिला दुइ जी पत्नी स्व. पन्ने लाल गौतम ने भी कोहंडौर थाने में तहरीर देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर धमकी का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि घटना वाली रात गांव की कुछ महिलाओं ने शौच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को छिपकर आते देखा था। आरोप है कि घटना के कुछ दिन बाद गांव के ही एक युवक ने देखने वाली महिलाओं को जातिसूचक गालियां देते हुए धमकाया और कहा कि यदि उनका नाम व मृतक की पत्नी का नाम हत्या के मामले में आया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
तीन अलग-अलग तहरीरों के बाद मामला अब महज संदिग्ध मौत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि हत्या, अवैध संबंध और देखने वाली महिलाओं को धमकाने जैसे गंभीर आरोपों में बदलता दिख रहा है। एक ही मामलें में तीन पक्षों द्वारा तहरीर देने के बाद भी स्थानीय कोहड़ौर पुलिस द्वारा हत्या जैसे गम्भीर अपराध में भी शिथिलता बरती है और मुकदमा न दर्ज करके मामलें को लटकाए पड़ी हुई है। उक्त प्रकरण के बाबत पूछे जाने पर कोहड़ौर एसओ धनंजय राय ने गोल मोल जबाब देते हुए अनभिज्ञता जताई । एसओ द्वारा संतोषजनक जबाब न मिलने पर मामले के बाबत क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी)ध्सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत राज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में है तहरीर में मृतक की पत्नी के जो मोबाइल न0 दिए गए हैं उस नम्बर का सीडीआर निकलवा लिया गया है और भी प्रमाण संकलित किए जा रहे हैं ,जिसके आधार पर दोषियों के विरूद्ध विधिक कार्रवाई अवश्य की जाएगी। बता दें कि उक्त प्रकरण का इलाके में चर्चा है कि मामलें से जुड़ें लोग खुद का बचाव करने के उद्देश्य स्थानीय पुलिस से सांठगांठ करने का जुआड़ खोज रहें हैं।
.jpg)