प्रतापगढः शौच के लिए निकली किशोरी पर बाइकर्स का हमला, टैंक में चुटहिल मिली
May 02, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। घर से बिना बताए शौच के लिए निकली किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में सेफ्टी टैंक में घायल अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे वंशी गांव निवासी विमलचंद्र मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी शुक्रवार रात अपनी मां के साथ सो रही थी, लेकिन सुबह बिस्तर पर नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद किशोरी सरस्वती डिग्री कॉलेज के पीछे घर से कुछ दूरी पर बने निर्माणाधीन सेफ्टी टैंक में चुटहिल पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किशोरी को टैंक से बाहर निकलवाया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह सुबह करीब चार बजे शौच के लिए गई थी। इसी दौरान बाइक सवार दो उचक्के पहुंचे, जिन्होंने उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर टैंक में गिरा दिया। पुलिस ने घायल किशोरी को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। लालगंज कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)