बरखेडा/पीलीभीत। बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, बरखेडा के चीनी मिल परिसर में विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य जाँच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ यूनिट हेड जितेन्द्र सिंह जादौन एवं डॉ. लोकेश गंगवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर के प्रथम दिवस में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नाक, कान, गला (ईएनटी) एवं नेत्र परीक्षण किया गया, जबकि द्वितीय दिवस पर जिलाधिकारी पीलीभीत के निर्देश पर जिला चिकित्सालय सहित आसपास के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से आए चिकित्सकों की टीम ने व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस दौरान कुल 231 अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं श्रमिकों की जांच की गई। मरीजों का बीपी, पल्स, वजन, एक्स-रे, ब्लड टेस्ट एवं टीकाकरण सहित विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए और सभी को निरूशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
चिकित्सा टीम का नेतृत्व सामान्य चिकित्सक डॉ. लोकेश गंगवार ने किया। टीम में डॉ. विजय तिवारी (दंत चिकित्सक), डॉ. श्रृंखला पांडे (स्त्री रोग विशेषज्ञ), शिवराम (नेत्र विशेषज्ञ), संदीप गौतम, श्रद्धा पटेल, माया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। सभी चिकित्सकों ने पूरी निष्ठा और पेशेवर दक्षता के साथ सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर बजाज एनर्जी के अधिकारी, कर्मचारी एवं चीनी मिल के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। यूनिट हेड जितेन्द्र सिंह जादौन ने सभी चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।
