पीलीभीत। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत सेवा योजन विभाग युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रहा है। जिला सेवा योजन अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से जापान, जर्मनी, इजराइल एवं सऊदी अरब जैसे देशों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग द्वारा संचालित पोर्टल पर प्रशिक्षित एवं कुशल श्रमिकों की मांग को देखते हुए विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सऊदी अरब के लिए इलेक्ट्रो-मैकेनिकल सुपरवाइजर, मैकेनिकल हेल्पर, वेल्डर, टीआईजीध्एमआईजी, सीएनसी, पाइप फैब्रिकेटर, स्ट्रक्चरल फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, फैब्रिकेटर फोरमैन एवं मैकेनिकल फिटर सहित 81 पदों पर भर्ती की जाएगी।इन पदों के लिए आयु सीमा 24 से 48 वर्ष निर्धारित की गई है तथा अभ्यर्थियों के पास संबंधित क्षेत्र में 5 से 15 वर्ष तक का कार्यानुभव होना आवश्यक है। वहीं जापान, जर्मनी एवं इजराइल के लिए नर्सिंग केयर गिवर, केयरटेकर आदि पदों पर भी आवेदन मांगे गए हैं। इन पदों के लिए आयु सीमा 20 से 45 वर्ष रखी गई है तथा जीएनएम, एएनएम और नर्सिंग डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। विभाग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा।
जिला सेवा योजन अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। साथ ही जापान के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण एवं पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवा योजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

.jpg)