Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगराः एडीए बोर्ड बैठक में ग्रेटर आगरा योजना सहित कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी


आगरा। नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण की 152वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें ग्रेटर आगरा योजना, इनर रिंग रोड, इंटरनेशनल इंडोर स्टेडियम और विभिन्न आवासीय योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में सबसे पहले पूर्व बोर्ड बैठकों के निर्णयों की समीक्षा की गई। आगरा इनर रिंग रोड के द्वितीय चरण में बन रहे नवीन टोल प्लाजा की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनुमोदन प्राप्त कर एमओयू की आगामी प्रक्रिया पूरी की जाए तथा बारिश से पहले गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराया जाए।

शास्त्रीपुरम और यूपीएसआईडीसी क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था के लिए नाला निर्माण कार्य को दो चरणों में कराया जा रहा है। एक चरण की निविदा एवं अनुबंध प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण की निविदा जारी कर दी गई है।

ताजनगरी फेस-2 योजना में निर्मित दुर्बल आय वर्ग आवासों को लेकर बताया गया कि आईआईटी रुड़की एवं पीडब्ल्यूडी की स्ट्रक्चरल सेफ्टी जांच में भवनों को जर्जर घोषित किया गया है। मंडलायुक्त ने प्रभावित आवंटियों को सहमति के आधार पर प्रस्तावित स्थल पर शिफ्ट करने तथा बाद में भवनों को ध्वस्त कर पुनर्नियोजन की कार्रवाई के निर्देश दिए।

ककुआ-भांडई आवासीय योजना में कन्वेंशन सेंटर निर्माण हेतु चयनित फर्म से अनुबंध प्रक्रिया जारी है। वहीं मौजा पट्टी पचगई में पीपीपी मोड पर इंटरनेशनल इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए आरएफपी जारी कर निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।

खेरिया मोड़ स्थित नजूल भूमि के संबंध में निर्देश दिए गए कि खाली भूमि पर तत्काल कब्जा लेकर बाउंड्रीवॉल बनाई जाए तथा खेल विभाग से समन्वय कर उसके नियोजन की कार्रवाई की जाए।

ग्राम रायपुर-रहनकलां स्थित ग्रेटर आगरा योजना में आवासीय भूखंडों की दर 33 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई। ग्रुप हाउसिंग के लिए यह दर आवासीय दर का 1.5 गुना और व्यवसायिक भूखंडों के लिए दोगुनी रखी गई।

जूता प्रदर्शनी प्रशिक्षण कल्याण केंद्र योजना में बेसमेंट की दर 58,500 रुपये प्रति वर्गमीटर, भूतल की 78 हजार रुपये तथा प्रथम तल की 70,200 रुपये प्रति वर्गमीटर स्वीकृत की गई।

ग्रेटर आगरा योजना के गंगापुरम एवं नर्मदापुरम टाउनशिप के आंतरिक विकास कार्यों में हुए विचलन को मंजूरी दी गई।

एडीए विकास क्षेत्र में 98 नए गांव शामिल करने तथा 19 गांव एवं दो आंशिक गांवों को अनाधिसूचित करने के संशोधित सीमा विस्तार प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।

बैठक में बोर्ड सदस्य शिव शंकर शर्मा ने सहकारी आवास समितियों की निष्क्रिय कॉलोनियों को नगर निगम को हस्तांतरित करने का मुद्दा उठाया। इस पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष को सर्वे कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

साथ ही पुराने शहर में एएसआई संरक्षित स्मारकों से 100 मीटर से अधिक दूरी पर एनओसी की बाध्यता समाप्त करने और मानचित्र आवेदन का निस्तारण एक माह में करने के सुझाव भी बैठक में रखे गए।

बोर्ड सदस्य नागेन्द्र दुबे गामा ने रिंग रोड से फतेहाबाद रोड की ओर शहर में प्रवेश के दौरान दुर्घटना की आशंका का मुद्दा उठाया, जिस पर मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को पीडब्ल्यूडी और प्राधिकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

बैठक में मनीष बंसल, एम. अरून्मौली, संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बोर्ड सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |