Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बारिश से दिल्ली के तापमान में 8-15°C की भारी गिरावट


दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गुरुवार (30 अप्रैल) को हुई बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के चलते तापमान में 8 से 15 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई. भीषण गर्मी के बाद अप्रैल का अंत सुहाने मौसम के साथ हुआ, जबकि इससे पहले पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था.

शाम के समय राजधानी के बड़े हिस्से में घने बादल छाए रहे और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का 'ऑरेंज अलर्ट' प्रभावी रहा. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, आंधी-तूफान के बाद पालम में तापमान 39 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जहां हवा की अधिकतम गति 48 किमी प्रति घंटा रही.

इसी तरह, सफदरजंग में पारा 40 डिग्री से लुढ़क कर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि प्रगति मैदान में तापमान 10.8 डिग्री की गिरावट के साथ 24.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. आंकड़ों के मुताबिक, जाफरपुर में तापमान 37.7 डिग्री से गिरकर 29.6 डिग्री, नारायणा में 37.6 डिग्री से घटकर 25.8 डिग्री और जनकपुरी में 36.8 डिग्री से गिरकर 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा, नजफगढ़ में पारा 37.8 से घटकर 28.7 डिग्री और पीतमपुरा में 37.3 से गिरकर 28.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि लोधी रोड में 43 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के बीच तापमान 37.8 से गिरकर 26.8 डिग्री सेल्सियस रह गया.

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर की बारिश से पहले दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्रों पर तापमान काफी अधिक बना रहा. मुख्य केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में 39.5 डिग्री, लोधी रोड में 38.8 डिग्री, रिज में 39 डिग्री और आयानगर में 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा. सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है.

मौसम विभाग ने शुक्रवार (1 मई) को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

वहीं, शहर की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 148 दर्ज किया गया.केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 401-500 को 'गंभीर' माना जाता है.

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल में दिल्ली में 27.9 मिमी बारिश हुई, जबकि इससे पहले अप्रैल 2008 में 38.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी. भीषण गर्मी के दौर के बावजूद, औसत अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के कारण यह पिछले दो वर्षों में सबसे ठंडा अप्रैल भी रहा.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |