कुंडा/प्रतापगढ़। अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मानिकपुर पुलिस और स्वाटध्सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शुभम सोनकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुष्कर्म एवं हत्या के मामलें में वांछित अभियुक्त शुभम सोनकर अवैध असलहे के साथ करेंटी गंगा पुल के रास्ते अपने अधिवक्ता से मिलने जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने ग्राम करेंटी तिराहे पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की।
दोपहर करीब 1रू45 बजे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
गिरफ्तार अभियुक्त शुभम सोनकर (21) पुत्र दिलीप सोनकर, निवासी पम्पापुर थाना नवाबगंज, प्रतापगढ़ के कब्जे से एक देशी पिस्टल (32 बोर), एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस (मैगजीन सहित) बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में 27 अप्रैल को मुख्य बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर पर्यवेक्षण गृह भेजा जा चुका है, जबकि 28 अप्रैल को सह-अभियुक्त विष्णु प्रकाश गौतम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। शेष वांछित इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ ही मामले का पूरा खुलासा हो गया है।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कालाकांकर भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर किया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
