प्रतापगढ़।जिले में आगामी गंगा दशहरा एवं ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस लाइन स्थित टिन शेड सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, हिंदू-मुस्लिम समुदाय के संभ्रांत नागरिकों एवं धर्मगुरुओं के साथ संयुक्त शांति समिति (पीस कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा पर्व को लेकर उपजिलाधिकारियों व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि संवदेनशील स्थानों का निरीक्षण कर लें जिससे लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न होने पाये। उन्होने कहा कि नदियो व जलाशयों में डूबने की घटनाये न होने पाये इसके लिये नदियों में गहराई वाले स्थलों पर वैरीकेडिंग व लाल झण्डा लगाया जाये तथा स्थानीय गोताखोरो की तैनाती भी की जाये और उनके चिन्हांकन के लिये रिफलेक्टर कैप की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जाये। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक पीस कमेटी की बैठक नहीं हुई है, वहां तत्काल बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया जाए। बैठक में भीषण गर्मी को लेकर भी प्रशासन ने गंभीर चिंता व्यक्त की। जिलाधिकारी ने बताया कि 25 मई को अपरान्ह 2 बजे तक अत्यधिक गर्मी एवं लू का अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से जनहित में दुकानों को दोपहर 2 बजे तक बंद रखने का सहयोग मांगा, ताकि लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और गर्मी से सुरक्षित रह सकें। साथ ही जनपदवासियों से भी अपील की गई कि वे अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों एवं नदी किनारे के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि नदियों में डूबने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए गहरे स्थानों पर बैरिकेडिंग कर लाल झंडे लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को खतरे वाले क्षेत्रों की जानकारी मिल सके। बकरीद पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों पर नमाज किसी भी स्थिति में न पढ़ी जाए और केवल ईदगाहों एवं मस्जिदों में ही नमाज अदा की जाए। यदि श्रद्धालुओं की संख्या अधिक हो तो शिफ्टवार नमाज की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल चिन्हित स्थलों पर ही दी जाए तथा उसके अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण कराया जाए, जिससे प्रदूषण या सामाजिक असहजता की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में सभी ने आपसी सौहार्द एवं सहयोग के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति सहित पुलिस अधिकारीगण, उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे।

