लखनऊ: संविदा महिला डॉक्टर से जालसाजों ने नीट पीजी पास कराने का झांसा देकर ठगे 20 लाख रूपये,रुपये मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस आयुक्त के आदेश पर केस दर्ज
May 27, 2026
आलमबाग। कृष्णा नगर कोतवाली इलाके मे जालसाजों ने एक महिला सविदा डाक्टर को झांसे मे लेकर नीट पीजी परीक्षा पास कराने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी कर हडप लिया। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। मूल रूप से ग्राम बंजरहा, थाना नौगढ़, जिला सिद्धार्थनगर निवासी डॉक्टर शर्मिला यादव पत्नी डॉक्टर महेंद्र यादव के अनुसार वह वर्तमान में पीएचसी कर्नलगंज, गोण्डा में संविदा डॉक्टर के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि वर्ष 2025 में अमित कुमार व संचित चन्द्रा ने उन्हें नीट पीजी परीक्षा पास कराने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कई फर्जी दस्तावेज और कथित प्रमाण पत्र दिखाकर विश्वास में लिया। जिसपर उसने जालसाजों के कहने पर 4.50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के साथ 15.50 लाख रुपये भारतीय स्टेट बैंक खाते से अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिया। लेकिन पैसा लेने के बावजूद जालसाजों ने न तो परीक्षा परिणाम घोषित कराया और न ही कोई मदद की। वही पीडिता का कहना था अब जब भी वह अपने रुपये वापस मांगती है तो आरोपी लगातार टालमटोल करने के साथ उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है। जिसके चलते उसने स्थानीय कृष्णा नगर पुलिस से शिकायत करने के साथ पुलिस आयुक्त से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस के अनुसार पीडिता की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के आदेश पर मंगलवार को केस दर्ज कर लिया गया है।

.jpg)