पीलीभीत। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर शहर के ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में “बैटल{कोड} 2026” नामक अंतरविद्यालयीय कोडिंग प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना, तार्किक क्षमता को बढ़ावा देना तथा नवाचार एवं समस्या समाधान जैसी आधुनिक कौशलों को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी तकनीकी दक्षता और बौद्धिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक (आई.पी.एस.) विक्रम दहिया, विद्यालय के डायरेक्टर देवेंद्र सिंह छाबड़ा, प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा तथा उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज अल्वी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय तकनीकी क्रांति का दौर है, जहां कोडिंग और डिजिटल ज्ञान भविष्य निर्माण की आधारशिला बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने, रचनात्मक सोच विकसित करने तथा नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए कई रोचक एवं चुनौतीपूर्ण चरण आयोजित किए गए। इनमें कोडिंग पहेलियां, लॉजिकल रीजनिंग, एरर डिटेक्शन, समस्या समाधान एवं तकनीकी विश्लेषण से जुड़े राउंड शामिल रहे। विद्यार्थियों ने त्वरित निर्णय क्षमता, टीमवर्क और तकनीकी समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को अत्यंत रोमांचक बना दिया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा तकनीकी नवाचार की सोच को बढ़ावा मिला।
प्रतियोगिता में कुल सात विद्यालयों की टीमों ने सहभागिता की। इनमें लिटिल एंजेल्स स्कूल, बेन-हर पब्लिक स्कूल, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल, लायंस बाल विद्या मंदिर, नोजगे पब्लिक स्कूल, बेन-हर गुरुकुल तथा मदर्स पब्लिक स्कूल शामिल रहे। प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन विद्यार्थियों की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में बेन-हूर पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय तथा नोजगे पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। विजेता टीमों को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय ऋषित सिंह छाबड़ा के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया, जिनके निर्देशन में संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून के अनिल गुप्ता, एन.सी. पाठक तथा श्री असलम जावेद की गरिमामयी उपस्थिति रही।प्रतियोगिता के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकगणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम प्रभारी उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज अल्वी के नेतृत्व में श्री मोहित तिवारी, सूर्यकांत तिवारी, दीपक पाठक, आमिर अली एवं विपिन ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोडिंग केवल तकनीकी शिक्षा का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाले भविष्य की भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को अपनाने और चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए “बैटल{कोड} 2026” को एक प्रेरणादायक एवं यादगार आयोजन बताया।

