Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: सीएनजी के प्रेशर पर बवाल! बैंक मैनेजर ने सेल्समैन को दिखाई ‘पिस्टल’, निकला लाइटर! पूरनपुर के समरथ फिलिंग स्टेशन पर हंगामा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


पीलीभीत। जनपद के थाना पूरनपुर क्षेत्र स्थित समरथ फिलिंग स्टेशन पर सीएनजी भरवाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि एक बैंक मैनेजर ने कथित तौर पर सेल्समैन को पिस्टलनुमा वस्तु दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। घटना से फिलिंग स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस जांच में जिस वस्तु को पिस्टल समझा जा रहा था, वह बाद में पिस्टल के आकार का लाइटर निकला। बावजूद इसके पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह करीब आठ बजे थाना पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम खमरिया पट्टी निवासी नंदपाल पुत्र जीवनलाल, जो समरथ फिलिंग स्टेशन पर सीएनजी सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान अर्टिगा कार संख्या यूपी-25 डीएन-6593 से पहुंचे एक व्यक्ति ने सीएनजी का प्रेशर पूछा। सेल्समैन ने लगभग 200 प्रेशर बताया, जबकि मशीन पर करीब 190 प्रेशर दिखाई दे रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और कार चालक ने गुस्से में आकर अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने कार से पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु निकालकर सेल्समैन को डराने और धमकाने की कोशिश की। घटना देखकर फिलिंग स्टेशन पर मौजूद अन्य कर्मचारी और ग्राहक भी मौके पर जमा हो गए। लोगों ने विरोध किया तो आरोपी वहां से कार लेकर चला गया।मामले की सूचना मिलते ही  पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने फिलिंग स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति कार से पिस्टलनुमा वस्तु निकालते हुए दिखाई दिया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान शिवनाथ पुत्र स्वर्गीय विश्वनाथ श्रीवास्तव निवासी ब्लिस कॉलोनी के रूप में हुई। बताया गया कि आरोपी आईसीआईसीआई बैंक की पलियाकलां शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर तैनात है।पुलिस ने वादी नंदपाल की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना पूरनपुर में  विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद पिस्टलनुमा वस्तु को भी जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार जांच में बरामद वस्तु असली हथियार नहीं निकली, बल्कि पिस्टल के आकार का एक लाइटर पाया गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर किसी को डराने-धमकाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश को हल्के में नहीं लिया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

घटना के बाद फिलिंग स्टेशन कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर इस तरह आक्रामक व्यवहार समाज में भय का वातावरण पैदा करता है। वहीं पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |