कन्नौज। विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत ने आज खंड विकास कार्यालय उमर्दा मे आयोजित कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना उमर्दा के अंतर्गत 116 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुदृढ़ करना तथा लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी और सेवाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाना है।
विधायक ने कहा कि स्मार्टफोन उपलब्ध होने से कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकिंग मातृ-शिशु स्वास्थ्य निगरानी टीकाकरण विवरण तथा शासन की योजनाओं का डेटा समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से अपलोड कर सकेंगी। इससे कार्य की गुणवत्ता मे सुधार होगा और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचेगा।
उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से अपेक्षा की कि वे तकनीक का सदुपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक तत्परता पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ करें जिससे बाल एवं मातृ कल्याण कार्यक्रमों को नई गति मिल सके।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उमर्दा बाल विकास परियोजना अधिकारी उमर्दा तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
