Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः मजदूर दिवस पर पीलीभीत में भव्य कार्यक्रम, श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी और प्रमाण पत्र वितरण! सीएम योगी का लाइव संबोधन दिखाया गया, 10 निर्माण श्रमिकों को मिला हितलाभ


पीलीभीत। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर 1 मई 2026 को गांधी सभागार, पीलीभीत में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न श्रमिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार उपस्थित रहे, जबकि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का श्रमिकों के हित में दिया गया लाइव संबोधन उपस्थित श्रमिकों और संगठनों को दिखाया गया। सभी ने ध्यानपूर्वक इस प्रसारण को देखा और सरकार की योजनाओं एवं नीतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। लाइव प्रसारण के बाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती शशिकला ने श्रमिकों को उनके अधिकारों, श्रम कानूनों और सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने भी श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए आयुष्मान भारत योजना के तहत बनने वाले आयुष्मान कार्ड की पात्रता और उसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने श्रमिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं ताकि उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकाधिक श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और उन्हें योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए।

मुख्य अतिथि अजय सिंह गंगवार ने भी अपने संबोधन में श्रमिकों को जागरूक करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब अधिक से अधिक लोग उनका लाभ उठाएंगे। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे पंजीकरण कराकर अपने अधिकारों और सुविधाओं का पूरा लाभ लें। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी द्वारा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के अंतर्गत चयनित 10 निर्माण श्रमिकों को हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर श्रमिकों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |