बाराबंकी: पुलिस के दो जांबाज सेवानिवृत्त कर्मियों की विदाई
April 30, 2026
बाराबंकी। गुरुवार का दिन भावनाओं से भरा रहा, जब पुलिस विभाग ने अपने दो समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ साथियों को ससम्मान विदाई दी। अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए रेडियो उपनिरीक्षक चन्द्र कुमार यादव एवं उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस शिव दास यादव को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने फूलमाला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों कर्मियों की वर्षों की निष्कलंक सेवा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।विदाई समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखें भी नम नजर आईं, जब साथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात आलोक पाठक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।कार्यक्रम का माहौल सम्मान, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव से ओतप्रोत रहा, जहां एक ओर सेवा के वर्षों की यादें ताजा हुईं, वहीं दूसरी ओर नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।
