बाराबंकी। यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में गुरुवार को सत्यप्रेमी नगर स्थित वारिश चिल्ड्रेन एकेडमी में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक विजयानंद वाजपेयी ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विशेष रूप से भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राकेश शुक्ला ‘दीपक’ के पुत्र विख्यात राज शुक्ला एवं पुत्री प्रशस्ति शुक्ला को सम्मानित किया गया। विख्यात राज शुक्ला ने कक्षा 12वीं में 500 में से 425 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं प्रशस्ति शुक्ला ने कक्षा 10वीं में 600 में से 528 अंक हासिल कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया।
सम्मान पाकर दोनों मेधावी छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
विद्यालय प्रबंधक विजयानंद वाजपेयी ने कहा कि यह सफलता केवल अंकों की नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रारंभ से ही छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाता है, जिससे वे जीवन की हर चुनौती का सामना कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों की आंखों में गर्व और खुशी की चमक साफ झलक रही थी। मेधावियों की इस सफलता ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और प्रेरणा का माहौल बना दिया।
