बीसलपुर। क्षेत्र में आवागमन की सुविधा को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षित घुंडीघाट पुल के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को ज्ञापन सौंपते हुए खुदागंज नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन पुल का कार्य जल्द पूरा कराने का आग्रह किया।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि बीसलपुर और खुदागंज के मध्य देवहा नदी पर स्थित घुंडीघाट पुल एवं सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में केवल एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि यह कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूरा नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
पुल अधूरा होने के कारण आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को खुदागंज कटरा आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। यह मार्ग बीसलपुर से खुदागंज कटरा, जलालाबाद, फर्रुखाबाद होते हुए मध्य प्रदेश के भिंड तक जाने वाला महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है। वहीं दूसरी ओर यह मार्ग बीसलपुर से पीलीभीत होते हुए टनकपुर लिपुलेख तक भी जुड़ता है, जिससे इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है।
किसान नेता ने बताया कि पुल के पूर्ण हो जाने से न केवल क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और आवागमन की स्थिति भी बेहतर होगी। उन्होंने मांग की कि प्रशासन इस कार्य को प्राथमिकता में लेकर जल्द से जल्द पूरा कराए।
