मुरादाबाद (विधान केसरी)। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम की अनुबंधित आईईसी टीम ने स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश दिया।
अभियान के तहत वार्ड 19 स्थित चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वहीं वार्ड 59 के बनातूल कुरैश गर्ल्स इंटर कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं ने “Save Earth Day” का संदेश देते हुए आकर्षक पेंटिंग्स बनाई।
गांधी पार्क स्थित राजकीय कंपोजिट विद्यालय में ‘सोर्स सेग्रीगेशन’ विषय पर खेल-खेल में बच्चों को घर के कचरे को अलग-अलग करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक राहुल शर्मा, आईसी सुपरवाइजर यशवीर सिंह सहित आईईसी टीम के सदस्य मौजूद रहे और सभी ने शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में बुद्ध बाजार स्थित एसएसके इंटर कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता कर छात्रों को पृथ्वी संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। वार्ड 63 के प्राथमिक विद्यालय जामा मस्जिद और कस्तूरबा गांधी स्कूल में बच्चों व स्टाफ को पृथ्वी दिवस के महत्व, पौधारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वार्ड 22 के डीवीएन इंटर कॉलेज, वार्ड 42 के श्री सनातन धर्म सरस्वती शिक्षा मंदिर, वार्ड 37 के नेहरू पब्लिक स्कूल तथा वार्ड 28 के विभिन्न विद्यालयों में वृक्षारोपण, पोस्टर मेकिंग, शपथ ग्रहण और जागरूकता रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने सेव द अर्थ गो ग्रीन और स्टॉप पोल्यूशन जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त वार्ड 21 के बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक के जरिए आम नागरिकों को स्वच्छता और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। केसीएम स्कूल में छात्रों व स्टाफ को पृथ्वी संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जबकि वार्ड 07 (नया गांव) की देव विहार कॉलोनी में टीम ने घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने की अपील की।
निर्माण व जलकल विभाग भी सक्रिय
नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मलबा हटाने, सड़क मरम्मत, नालों-नालियों की सफाई और ड्रेन कवर लगाने का कार्य कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वहीं जलकल विभाग ने जन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्ड 27, 53, 18, 15, 41, 21, 44 और 35 में पेयजल पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत कराई। इसके अलावा वार्ड 13, 41 और 65 में गंदे पानी की समस्या दूर की गई, जबकि वार्ड 19 में जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत का समाधान किया गया।
नगर निगम द्वारा चलाए गए इस संयुक्त अभियान के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसे स्वच्छ, सुरक्षित और हरित बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नागरिकों और विद्यार्थियों ने “स्वच्छ धरती, सुरक्षित भविष्य” का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने का प्रण लिया।
