बीसलपुर। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार को एक भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र कुमार मिश्र, हिंदी प्रवक्ता दिनेश पाल गंगवार और कर्मचारी राजेन्द्र कुमार को उनके लंबित सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय अध्यक्ष महेश चंद्र अग्रवाल, प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल और वर्तमान प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने इस अवसर में भाग लिया।
वक्ताओं ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी सदस्यों के दीर्घकालीन योगदान, समर्पण और अनुशासन की सराहना की और कहा कि उनके कार्यों ने विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को और भी आकर्षक बनाया।
समारोह में उपप्रधानाचार्य जनार्दन मिश्रा, आचार्य नीलकमल मिश्रा, सहकर्मी अशोक पाण्डेय और अन्य ने अपने अनुभव साझा किए। अंत में सभी सेवानिवृत्त सदस्यों को स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिथि गणों में डॉ. राजेश गुप्ता, अर्चना चैहान, अंशुमान भदौरिया, भद्रपाल गंगवार सहित कई शिक्षाविद शामिल हुए। सभी ने फूल माला पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। समारोह का समापन भावभीनी विदाई और मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
