अमेठीः उपभोक्तागण कृपया ध्यान दे! रामलीला मैदान में अब मिलेगा गैस सिलेंडर
April 30, 2026
अमेठी । एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कई दिनों से प्रकाश गैस एजेंसी बंद होने के कारण लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए करीब 30 किलोमीटर दूर संग्रामपुर तक जाना पड़ रहा था। इस दौरान रोजाना सैकड़ों उपभोक्ता सुबह से ही धूप में लंबी कतारों में खड़े होकर पर्ची कटवाते और फिर सिलेंडर प्राप्त करते थे। स्थिति इतनी कठिन हो गई थी कि प्रतिदिन लगभग 500 लोग लाइन में लगते थे। शिवा शेखर गैस एजेंसी और शशांक गैस एजेंसी से सिलेंडर वितरण किया जा रहा था, जिसके लिए उपभोक्ताओं को अपने घर से खाली सिलेंडर लेकर जाना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया। उनके लगातार प्रयासों के बाद अब इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। निर्णय लिया गया है कि 1 मई से अमेठी के रामलीला मैदान स्थित मानस भवन में गैस सिलेंडर वितरण शुरू किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को दूर संग्रामपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सकेगी। नई व्यवस्था से न केवल उपभोक्ताओं के समय और श्रम की बचत होगी, बल्कि भीषण गर्मी में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। इस पहल के लिए क्षेत्रवासियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना की है।
