बलिया। जनपद में तकनीकी शिक्षा से जुड़े हजारों छात्रों के लिए अहम सेमेस्टर परीक्षाओं का कार्यक्रम तय हो गया है। प्राविधिक शिक्षा परिषद से संबद्ध संस्थानों की परीक्षाएं 4 मई से शुरू होकर 6 जून तक दो पालियों में संचालित होंगी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए जनपद में पांच केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय महिला पॉलिटेक्निक बलिया, राजकीय पॉलिटेक्निक जिगिरिसड़, टाउन पॉलिटेक्निक बलिया, राजकीय पॉलिटेक्निक बांसडीह और जननायक बाबू मैनेजर सिंह राजकीय पॉलिटेक्निक बैरिया शामिल हैं।
उन्होंने सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
