अमेठीः स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से बची परीक्षार्थियों की परीक्षा, बनी मिसाल
April 27, 2026
अमेठी। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी परीक्षार्थियों के लिए वरदान साबित हुई। भेटुआ ब्लॉक के कोरारी लच्छनशाह स्थित गांधी इंटर मीडिएट कॉलेज में परीक्षा देने आई दो युवतियां अचानक फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गईं, लेकिन समय पर मिली चिकित्सा सहायता से न सिर्फ उनकी तबीयत सुधरी, बल्कि वे परीक्षा भी दे सकीं। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय श्रद्धा (निवासी लोकपुर, जलालपुर, अंबेडकर नगर) और 20 वर्षीय बेबी (निवासी इनायतपुर, बाराबंकी) को सुबह करीब साढ़े आठ बजे परीक्षा केंद्र पर उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। उनकी हालत बिगड़ती देख वहां मौजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेटुआ के अधीक्षक डॉ. अभिमन्यु कुमार वर्मा ने तुरंत स्थिति को संभाला। डॉ. वर्मा ने बिना देर किए दोनों परीक्षार्थियों को अपनी गाड़ी से सीएचसी भेटुआ पहुंचाया, जहां उनका तत्काल उपचार किया गया। करीब आधे घंटे तक चिकित्सकीय देखरेख और आराम के बाद जब उनकी हालत सामान्य हुई, तो उन्हें वापस परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया, जिससे वे अपनी परीक्षा पूरी कर सकीं। स्वास्थ्य विभाग की इस तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। समय पर मिली मदद ने दोनों युवतियों के भविष्य को प्रभावित होने से बचा लिया।
