अमेठी । कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोचवा मजरे सराय हीरमति में शनिवार शाम एक भीषण आग लगने से लगभग एक दर्जन दलित परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आग लगने की घटना संदिग्ध परिस्थितियों में बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते घरों में रखा राशन, कपड़े, घरेलू सामान समेत सब कुछ जलकर खाक हो गया। इस हादसे में कई पशु भी आग की चपेट में आ गए, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। छोटे-छोटे बच्चों सहित सभी लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद अभी तक न तो जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही कोई जनप्रतिनिधि हाल-चाल लेने आया। पीड़ित दलित परिवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द रहने और खाने की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं, भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों की जांच की मांग की जा रही है।