बीसलपुर। आमने-सामने हुई बाइक टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर बिना नंबर की बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दियौरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलड़िया राधे निवासी राजीव कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल को उसका बड़ा भाई कुंभकरण अपनी बाइक से कितनापुर से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गीता देवी अनोखे लाल इंटर कॉलेज के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रही बिना नंबर की बाइक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुंभकरण गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)