बलिया। जनपद के नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में शनिवार देर रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब एक युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी, सास और ससुर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में पत्नी और सास की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ससुर को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी अमित कुमार गुप्ता, जो मूल रूप से गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचैर का निवासी है, शनिवार देर रात अपने ससुराल बछईपुर पहुंचा था। किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद के बाद उसने पहले पत्नी पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे सास-ससुर को भी आरोपी ने निशाना बनाया। हमले में पत्नी और सास सुशीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल ससुर को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बलिया ने स्वाट, सर्विलांस, फील्ड यूनिट तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस बल गांव में तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस अधिकारियों ने शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
