Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अशोक मित्तल पर ईडी का एक्शन, अरविंद केजरीवाल बोले- बर्दाश्त नहीं करेंगे


आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और दफ्तर पर प्रवर्तन निदेशालय के छापों के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

पंजाब के सीएम भगवंत मान के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए आप संयोजक ने लिखा कि मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी. लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे. बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से जुड़े व्यावसायिक संस्थानों पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत छापेमारी की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. व्यवसायी और शिक्षाविद मित्तल (61) को हाल में राज्यसभा में आप का उपनेता नियुक्त किया गया है, जहां उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली है.

अशोक अपने नाम पर एक विश्वविद्यालय समेत लवली ग्रुप का नेतृत्व करते हैं. अधिकारियों के अनुसार, मित्तल से जुड़े कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जालंधर और फगवाड़ा सहित कुछ अन्य स्थानों पर तलाशी ली जा रही है. उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही है.

उधर, AAP सांसद अशोक मित्तल के आवास पर ED की छापेमारी को लेकर मंत्री हरपाल चीमा ने कहा, "BJP लगातार विपक्षी दलों को परेशान कर रही है. जहाँ भी विपक्षी दलों की सरकारें हैं, वहाँ या तो ED को भेजा जाता है या फिर CBI को."

बहरहाल, बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी ‘‘तैयारियां’’ शुरू कर दी हैं, जहां फिलहाल ‘आप’ की सरकार है. आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि बीजेपी ने पंजाब में चुनावी तैयारी शुरू कर दी है.

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वह ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लिए बिना चुनाव लड़ सकती है? वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि राज्यों में चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है, जिसके बाद बीजेपी नेताओं के राजनीतिक दौरे होते हैं. उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उस पर निरंकुश तरीके से काम करने का आरोप भी लगाया. बहरहाल, अधिकारियों का कहना है कि यह छापेमारी फेमा के तहत चल रही जांच का हिस्सा हैं और मित्तल से जुड़े विभिन्न कारोबारी परिसरों की तलाशी ली जा रही है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |