प्रतापगढ़। जिले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क (सीजीडी) की स्थापना और विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में बीपीसीएल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, सिटी गैस स्टेशन की स्थापना पूरे बसावन (मानधाता) में होनी है। बैठक में भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के टैरेटरी मैनेजर शैलेश कुमार ने बताया कि शासन द्वारा जनपद प्रतापगढ़, अमेठी व रायबरेली में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्किंग का कार्य किया जा रहा है, जिसमें घरो को पी0एन0जी0 कनेक्शन से जोड़ा जाना है। जनपद प्रतापगढ़ में 27 किमी0 तक पाइपलाइन बिछा दी गयी तथा 3 किमी0 पाइपलाइन बिछाने का कार्य अवशेष है जिसे जल्द से जल्द कर लिया जायेगा। डीएम ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान पूर्व की भांति जमीनों का समतलीकरणध्मरम्मत कर दिया जाये।
बैठक के दौरान सीजीडी नेटवर्क की स्थापना और विस्तार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और बाधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े कार्यों में आ रही कठिनाइयों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जारी की जाने वाली स्वीकृतियों और अनापत्तियों की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी बाधा को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। यदि किसी समस्या का समाधान जनपद स्तरीय समिति के स्तर पर संभव न हो, तो संबंधित प्रस्ताव को स्पष्ट मंतव्य और संस्तुति सहित राज्य स्तरीय समिति को विचारार्थ भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद स्तरीय समिति की बैठक प्रत्येक माह कम से कम एक बार अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए, ताकि कार्यों की सतत समीक्षा और प्रगति सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनन्दन राय, जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी सहित अन्य सदस्य व भारत पेट्रोलियम के एई प्रथमेश उपस्थित रहे।
.jpg)