Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुर: प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा का नगर निगम में जोरदार स्वागत! महापौर के साथ शहर के विकास को लेकर हुई चर्चा


रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के परिवहन सूचना प्रोद्योगिकी एवं जनपद के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा का सोमवार को नगर निगम परिसर पहुंचने पर अभूतपूर्व स्वागत किया गया। महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं, पार्षदों और शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। नगर निगम में पहली बार पधारने पर महापौर ने प्रभारी मंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका विधिवत सम्मान किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे के साथ नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा की और शहर के चहुंमुखी विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।

समीक्षा बैठक के दौरान महापौर विकास शर्मा ने प्रभारी मंत्री को अपने एक वर्ष के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से अवगत कराया और आगामी विकास योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। महापौर ने विशेष रूप से नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 में रेनबो स्कूल से आर.ए.एन. पब्लिक स्कूल तक की जर्जर सड़क के सुदृढ़ीकरण और जल निकासी हेतु नाला निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए जिला योजना से 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत कराने का आग्रह प्रभारी मंत्री से किया, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय से जलभराव और खराब सड़क की समस्या से निजात मिल सके।

प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने महापौर विकास शर्मा के मात्र एक वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से त्रिशूल चैक के सुंदरीकरण, वेंडिंग जोन की स्थापना और दशकों पुराने कूड़े के पहाड़ को हटाकर वहां सुंदर पार्क विकसित करने के ऐतिहासिक कार्य के लिए महापौर को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने शिव कॉरिडोर और मिनी बाईपास जैसी आगामी महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। 

मीडिया से रूबरू होते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि रुद्रपुर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश के सभी निगमों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो सीधे तौर पर धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने रूद्रपुर शहर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का वायदा भी किया।  सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में विकास की किरण अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि जिला योजना की बैठक में भी अधिकारियों को जनहित की योजनाओं में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। भाजपा सरकार में जनभावनाएं सर्वोपरि हैं और मुख्यमंत्री स्वयं जन समस्याओं के निराकरण को लेकर बेहद गंभीर हैं। परिवहन मंत्रालय को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा को देखते हुए तीर्थयात्रियों के लिए उत्कृष्ट सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। आने वाले समय में उत्तराखंड के सभी बस स्टेशनों का कायाकल्प किया जाएगा। विभाग की जो भी खामियां हैं, उन्हें तत्काल दूर किया जा रहा है।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदीप बत्रा ने कहा कि जनता का पूर्ण आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी के साथ है और धामी सरकार के ऐतिहासिक कार्य एक बार फिर प्रचंड जीत का मार्ग प्रशस्त करेंगे। महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। कांग्रेस की इसी मानसिकता के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करने के लिए धामी सरकार ने 28 अप्रैल को विशेष सत्र आहूत किया है, जिसमें निंदा प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। 

प्रभारी मंत्री के स्वागत के दौरान भाजपा नेता प्रीत ग्रोवर, गुरमीत सिंह, अमित नारंग, वेद ठुकराल, धीरेन्द्र मिश्रा, पार्षद पवन राणा, पारस चुघ, राजन राठौर, अजय चड्डा, सुभाष छाबड़ा, अनुज पाठक, मानस जायसवाल, अनुज अग्रवाल, संजीव शर्मा, बलवंत अरोरा, रजत बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |