Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

झुग्गियों में लगी भीषण आग, पूरे इलाके में धुएं का गुबार



उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार दोपहर पन्नी के गोदाम में भीषण आग लग गई। जल्द ही यह आग पास बसी झुग्गियों में लग गई और विकराल रूप ले लिया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इन वीडियो में धुएं का गुबार और आग की लपटें देखी जा सकती हैं। घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी इलाके की है। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। गाजियाबाद डीएम रविंद्र कुमार मादंड ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। अभी भी धुआं निकल रहा है और जल्द ही आग को पूरी तरह से बुझा दिया जाएगा।

आग पन्नियों के गोदाम में लगी थी। इन्हीं गोदामों में पन्नी बिनने वालो की कुछ झुग्गियां भी बनी हैं, उनमें भी आग लग गई। आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं। थोड़ी देर बाद ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। आग में किसी के फंसे होने की कोई सूचना नहीं है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की भी खबर नहीं है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर स्थित एक झुग्गी बस्ती में बुधवार को लगी भीषण आग में दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) दीक्षा शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों बच्चों (जिनकी उम्र लगभग दो साल थी) के शव बुधवार देर रात एक बड़े तलाशी अभियान के बाद बरामद किये गये। उन्होंने बताया, ''शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके माता-पिता को सूचित कर दिया गया है।''

विकास नगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम रिंग रोड के पास स्थित एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई थी, जिसने तेजी से सैकड़ों झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में झुग्गी बस्ती में रहने वाले तमाम लोगों की झोपड़ियां राख में तब्दील हो गयी थीं। शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और बिना किसी देरी के बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस, अग्निशमन विभाग, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम बुधवार शाम से ही घटनास्थल पर तैनात हैं और लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आग में लगभग 200 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं, जिससे उनमें रहने वाले सैकड़ों लोग बेघर हो गए। उन्होंने बताया कि इनमें ज्यादातर घरेलू कामगार और दिहाड़ी मजदूर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को ही घटनास्थल का दौरा किया था और अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिलाधिकारी विशाख जी.भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना को लेकर चिंता प्रकट की और तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |