प्रतापगढः स्मार्ट मीटर व अघोषित कटौती को लेकर कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा, विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
April 30, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली बिलों में भारी बढ़ोत्तरी से नाराज कांग्रेसियों ने गुरूवार को यहां भारी विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा सांसद प्रमोद तिवारी के निर्देश पर जुटे कांग्रेसियों ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर की व्यवस्था वापस लिये जाने की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी तथा सांसद प्रमोद तिवारी के प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी के संयुक्त नेतृत्व में कैम्प कार्यालय से भारी तादात में कांग्रेसियो का जत्था स्मार्ट मीटर के जरिए अवैध वसूली तथा अघोषित बिजली कटौती के विरोध में नारेबाजी करते रायबरेली प्रतापगढ़ नेशनल हाइवे के इन्दिरा चैक पर पहुंचा। यहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को माल्यार्पण करने के बाद कांग्रेसियों ने पार्क में धरना देकर स्मार्ट मीटर के जरिए बिलों में अनियमित उछाल को लेकर जमकर आक्रोश जताया। यहां प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना से उपभोक्ताओं की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। सांसद प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब व कमजोर तबके के उपभोक्ताओं को भी सरकार जबरिया स्मार्ट मीटर थोप रही है। सभा की अध्यक्षता ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष केडी मिश्र व संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने किया। जोरदार हुए विरोध प्रदर्शन का संयोजन ब्लाक प्रमुख अमित सिंह पंकज व चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने किया। सभा में पूर्व प्रमुख रामकृपाल पासी, डॉ0 अमिताभ शुक्ल, जिला पंचायत सदस्य लालजी यादव, रघुनाथ सरोज, अशोकधर द्विवेदी, रविभूषण सिन्हा, आरपी वर्मा, मासूम हैदर ने भी स्मार्ट मीटर के जरिए बिलों में अचानक बढ़ोत्तरी पर जमकर आक्रोश जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का जत्था चैक से कालाकांकर रोड होते हुए तहसील परिसर पहुंचा। यहां सभागार पोर्टिको मे प्रदर्शनकारियों का तेवर देखकर एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा पहुंचे। एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों को शान्त कराते हुए ज्ञापन शासन को भेजे जाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर सिंटू मिश्र, शैलेन्द्र मिश्र, छोटे लाल सरोज, फूलचंद्र पाण्डेय, अभिनव शुक्ल, अतुल शुक्ला, देशराज यादव, कमलेश मिश्र, संजय पाल, चंदन पाण्डेय, श्रीराम पटेल, प्रीतेन्द्र ओझा, शैलेन्द्र चैबे, अर्जुन जायसवाल, पन्नेलाल पाल, जावेद खान, शबनम बानो, मो0 इसरार, मो0 मोकीम, श्रवण कुमार, मुरलीधर तिवारी, रवि सिंह आदि रहे।
