बीसलपुर। गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना और सपा प्रतिनिधि मंडल पर हुए हमले के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट शैलेश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि सपा प्रतिनिधि मंडल पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें सख्त सजा दी जाए। साथ ही पीड़िता के हत्यारों को फांसी की सजा देने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर के सीओ सिटी और करंडा थानाध्यक्ष समेत दोषी पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर गायत्री गंगवार, हरिपाल सिंह लोधी, केदारनाथ गौतम, विनोद दिवाकर, सुधा यादव, अंकित वर्मा, वंटी वर्मा सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
