पीलीभीतः दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण, जनपद में तिथिवार लगेंगे चिन्हांकन शिविर! बैसाखी, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर समेत कई उपकरणों के लिए पात्र लाभार्थियों का होगा चयन
April 27, 2026
पीलीभीत। जनपद में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र लाभार्थियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए तिथिवार चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर सकें। योजना के अंतर्गत बैसाखी, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, एमआर किट, कैलिपर्स जैसे विभिन्न उपकरण वितरित किए जाएंगे। विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल को विकासखंड अमरिया परिसर में शिविर आयोजित होगा। इसके बाद 29 अप्रैल को ललौरीखेड़ा, 30 अप्रैल को नगर पंचायत पकड़िया नौगवां में शिविर लगाया जाएगा। मई माह में 5 मई को संबंधित विकासखंड परिसर, 6 मई को बीसलपुर विकासखंड, 7 मई को नगर पालिका बीसलपुर, 8 मई को बिलसंडा, 12 मई को पूरनपुर विकासखंड तथा 13 मई को शारदा पार क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरैनिया गांधीनगर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 14 मई को मरौरी व पीलीभीत सदर क्षेत्र में आदर्श जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पर शिविर लगाया जाएगा। 15 मई को नगर पंचायत न्यूरिया हुसैनपुर तथा 19 मई को नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा में भी लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक संचालित होंगे। अधिकारियों ने अपील की है कि पात्र दिव्यांगजन निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर अपना पंजीकरण एवं परीक्षण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें शासन की इस योजना का लाभ मिल सके।
.jpg)