प्रतापगढ। जिले में शुक्रवार को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रस्तीपुर स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने की, जबकि आयोजन का संयोजन रानीगंज के लोकप्रिय निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महिला जन आक्रोश पदयात्रा एवं महिला जन आक्रोश अभियान के तहत एक प्रभावशाली प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नारी शक्ति के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ रही हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में कांग्रेस और सपा के शासनकाल में महिलाओं के सम्मान को लगातार ठेस पहुंची। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। भाजपा ने सदैव महिलाओं को नेतृत्व के अवसर दिए हैं, जबकि विपक्षी दलों ने केवल वोट बैंक की राजनीति की। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने महिलाओं के मुद्दों को कभी गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं कार्यक्रम के संयोजक एवं निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने अपने संबोधन में कहा कि रानीगंज विधानसभा में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला जन आक्रोश अभियान के माध्यम से उन शक्तियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है जो नारी शक्ति के सम्मान के विरुद्ध कार्य करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों की नीतियों ने समाज में असंतुलन पैदा किया, जबकि भाजपा सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रुचि केसरवानी, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, जिला उपाध्यक्ष रचना चतुर्वेदी, जिला महामंत्री महिला मोर्चा अंजू पांडे जी, नगर अध्यक्ष खुशबू गुप्ता, पृथ्वीगंज मंडल अध्यक्ष पुष्पा सरोज, रानीगंज महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष वंदना त्रिपाठी, गौरा मंडल अध्यक्ष कुसुम कश्यप सहित अनेक गणमान्य मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नारी सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान के संकल्प को दोहराया तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।
.jpg)