लखनऊ: परिवारिक विवाद के चलते घर के बाहर घात लगाए बैठे जेठ-जेठानी ने महिला सहित बच्चों को पीटा, जेठ-जेठानी समेत छह पर केस दर्ज
April 28, 2026
आलमबाग। कृष्णा नगर कोतवाली इलाके में बीते एक सप्ताह पूर्व परिवारिक विवाद के चलते घर के बाहर घात लगाए बैठे जेठ-जेठानी ने महिला सहित उसके बच्चों की जमकर पिटाई कर दी। वहीं स्थानीय पुलिस ने पीड़िता की नामजद शिकायत पर घटना के एक सप्ताह बाद पीड़िता के जेठ जेठानी सहित छह पर मारपीट धमकी की धारा में केस दर्ज कर लिया है। कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी पी के सिंह ने बताया थाना क्षेत्र स्थित हरिओम नगर निवासी पूजा पत्नी सुनील कुमार के अनुसार बीते 17 अप्रैल की शाम वह अपने बच्चों को ट्यूशन से लेकर घर लौट रही थी। उस दौरान घर के बाहर पहले से घात लगाए बैठे हरिओम नगर निवासी उसके जेठानी रामाकांती, जेठ कमल प्रसाद थारू, उनकी पुत्रियां आरती व पूजा तथा पुत्र अभिषेक कुमार थारू और आकाश कुमार थारू उसका रास्ता रोक गाली गलौज करते हुए लात-घूंसे, थप्पड़ों और डंडों से हमलावर हो उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक पिटाई करने के साथ बीच बचाव करने पर बच्चों को आरोपियों ने बेरहमी से पीट जान से मारने की धमकी दे फरार हो गए। वहीं पीड़िता का कहना था उक्त मारपीट के दौरान पीड़िता सहित उसके बच्चे घायल अवस्था में पड़े रहे। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा तो हुए, लेकिन आरोपियों के डर के कारण कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। पीड़िता ने किसी तरह पुलिस को कन्ट्रोल नम्बर पर जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी चोटिल अवस्था में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां से उपचार कराने के बाद उसने स्थानीय कृष्णा नगर में अपने जेठ जेठानी समेत छह अन्य लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत की है। वहीं पीड़िता का कहना था घरेलू विवाद को लेकर पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट की जा चुकी है, लेकिन परिवार के दबाव में उसने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस के अनुसार पीड़िता की नामजद शिकायत पर गाली गलौज मारपीट धमकी की धारा में जांच के बाद सोमवार को केस दर्ज कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई किया जा रहा है।
.jpg)